
भोपाल, 31 मार्च: मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गर्मी के मौसम में बिजली बिल को नियंत्रित रखने के लिए कुछ सरल उपाय अपनाएं। इससे न केवल बिजली की खपत कम होगी बल्कि बिल की राशि में भी बचत होगी।
प्राकृतिक प्रकाश का अधिकतम उपयोग
दिन के समय में सूर्य के प्रकाश का अधिकतम उपयोग करें और गैर-जरूरी फैन, लाइट आदि उपकरणों को बंद रखें। विशेष रूप से कार्यालयीन समय में भोजनावकाश के दौरान, घर से बाहर जाते समय सभी उपकरणों को बंद करना सुनिश्चित करें।
ऊर्जा दक्ष (Energy Efficient) उपकरणों का उपयोग
ब्यूरो आफ एनर्जी इफिशिएंसी द्वारा प्रमाणित ऊर्जा दक्ष (Energy Efficient) उपकरणों का ही क्रय करें। अप्रमाणित उपकरण कम कीमत के हो सकते हैं, लेकिन वे अधिक बिजली की खपत करते हैं। कंप्यूटर और मॉनिटर को स्लीप मोड में रखने से 40% तक ऊर्जा की बचत हो सकती है। LED मॉनिटर का उपयोग करें, जो कि पारंपरिक मॉनिटर की तुलना में कम ऊर्जा खर्च करता है।
एलईडी बल्ब का उपयोग
एलईडी बल्ब ऊर्जा बचत के लिए उत्तम हैं और साधारण बल्ब की तुलना में 10 गुना अधिक टिकाऊ होते हैं। 40 वाट के साधारण बल्ब के प्रकाश के बराबर के लिए 4-5 वाट के एलईडी बल्ब की आवश्यकता होती है।
रूफ टॉप सोलर पैनल
सौर ऊर्जा मिशन के अंतर्गत भारत सरकार के गैर-परम्परागत ऊर्जा मंत्रालय द्वारा 10 कि.वा. से 500 कि.वा. के रूफ टाप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। के.डब्ल्यू. रूफ टाप पैनल के लिए सामान्यतः 100 वर्गफुट छत की आवश्यकता होती है। आवासीय घरों के लिए भारत सरकार के गैर-परम्परागत ऊर्जा मंत्रालय द्वारा रूफ टॉप सोलर पैनल लगाने की योजना के लिए भारत सरकार ने एक महत्वाकांक्षी योजना “पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना” (PM Surya Ghar: Muft Bijli Yojana) चालू की है, इसके अंतर्गत 2 – 3 किलोवॉट पर हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली के साथ आपको सब्सिडी भी प्रदान करता है। यह ऊर्जा की बचत और पर्यावरण संरक्षण में सहायक होता है।
सीलिंग फैन और फ्रिज
ऊर्जा दक्षता (Energy Efficient) वाले पंखे ,फ्रिज का उपयोग करें, फ्रिज को दीवार या सीधे सूर्य के प्रकाश से दूर रखें और कंडेंसर क्वाइल को नियमित साफ करते रहे। फ्रीजर की नियमित डीफ्रास्टिंग आवश्यक है जिससे कूलिंग करने हेतु फ्रिज को अधिक कार्य करना पड़ता है एवं इससे अधिक ऊर्जा का अपव्यय होता है।
एयर कंडीशनर्स (एसी)
AC की सेटिंग 26 डिग्री सेंटीग्रेड पर रखें। नए ऊर्जा दक्ष एसी का उपयोग करें और एयर फिल्टर्स को साफ रखें। इससे ऊर्जा की बचत होती है।
समाधान योजना 2025-26 में बकाया बिलों के सरचार्ज में छूट पाने के लिए समाधान योजना का लाभ उठाएं, पहले चरण में 100% तक सरचार्ज माफी मिल सकती है।
गलत या ज्यादा बिल आने पर शिकायत निवारण के लिए 1912 टोल-फ्री नंबर या ‘उपाय’ ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।
अटल गृह ज्योति योजना के अंतर्गत 150 यूनिट से कम खपत वाले घरेलू उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ मिलता है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी उपभोक्ताओं से आग्रह करती है कि वे इन उपायों को अपनाकर न केवल अपने बिजली बिल में बचत करें बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दें।
- central-region-electricity-company-reduce-domestic-bill









