मैहर: मां शारदा देवी की नगरी मैहर में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. नगर के वार्ड क्रमांक 1 की पार्षद एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता संतोष सोनी ने आरोप लगाया है कि मां शारदा लोक परियोजना से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठक में उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया. नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि वार्ड क्रमांक 1 मेला क्षेत्र होने के साथ-साथ नगर का सबसे अधिक जनसंख्या वाला वार्ड है और इसी क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण परियोजना संचालित हो रही है.
इसके बावजूद उन्हें बैठक की जानकारी तक नहीं दी गई, जो जनप्रतिनिधियों की अनदेखी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी परियोजना में जनता और उनके चुने हुए प्रतिनिधियों की भागीदारी जरूरी होती है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसी तरह जनप्रतिनिधियों को दरकिनार किया जाता रहा तो मामला जनआंदोलन का रूप भी ले सकता है. इसके अलावा क्षेत्र में रात के समय गरीबों के रोजगार पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी सामने आई है। आरोप है कि इस कार्रवाई से कई लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है और वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं.
मैहर: कांग्रेस कार्यकार्ता ने बढ़ती महंगाई, बिजली दरों और ईंधन कीमतों को लेकर मैहर जिले में जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ महंगाई को लेकर जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और बिजली बिलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ विरोध जताया.
कांग्रेस के इस प्रदर्शन को लेकर आम जनता का भी समर्थन मिला. जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेश घई ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर वितरण प्रणाली में अनियमितताएं बढ़ रही हैं, जिससे उपभोक्ता को परेशानी का समाना करना पड़ रहा हैं. इसी के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यम वर्ग बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. सरकार जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है. कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली और ईंधन के दामों में कमी नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर महंगाई पर नियंत्रण की मांग की, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.
10+ वर्षों का अनुभव। हर दिन, पल-पल की खबरों के साथ। निष्पक्ष व भरोसेमंद रिपोर्टिंग, हर खबर की गहराई तक पहुँचने का प्रयास। सच्ची पत्रकारिता, आपके भरोसे के साथ।