
दमोह/ओ.पी. शर्मा: दमोह जिले के जबेरा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां जुड़ रही हैं। स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी के मार्गदर्शन में तथा कृष्णभाव फाउंडेशन के सहयोग से निःशुल्क नवोदय कोचिंग क्लासेस का सफल संचालन किया जा रहा है। शिक्षा के इस सार्थक पहल से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल रहा है।
इस क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नोहटा में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कोचिंग में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा एवं बेहतर परिणाम देने हेतु प्रशिक्षित करना रहा। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि जबेरा विधानसभा में वर्तमान में 40 से अधिक निःशुल्क कोचिंगों का संचालन किया जा रहा है और आने वाले समय में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इन कोचिंगों के माध्यम से हर वर्ष कई विद्यार्थी नवोदय विद्यालय में चयनित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सभी बच्चों का चयन संभव नहीं है, लेकिन इन कोचिंगों के जरिए उनकी शैक्षणिक नींव मजबूत की जा रही है, जिससे वे आगे चलकर अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता प्राप्त कर सकें। मंत्री लोधी ने संकल्प दोहराया कि जबेरा विधानसभा को शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में प्रदेश की अग्रणी विधानसभा बनाया जाएगा।
कृष्णभाव फाउंडेशन के चेयरमैन सत्येंद्र सिंह लोधी ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें शिक्षकों के साथ कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रयासों से बच्चे भविष्य में उच्च पदों पर पहुंचकर अपने गुरुओं को गर्व महसूस कराएंगे।
इस कार्यक्रम में मंत्री धर्मेंद्र लोधी के पिता भाव सिंह लोधी, ग्राम लंबरदार साहब सिंह यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कोचिंग से जुड़े सहयोगी उपस्थित रहे।
- Jabera-takes-off-40+-free-coaching-centres-expand-teachers-honored-free-coaching-navodaya-vidyalaya-mantri-dharmendra-lodhi











