
नई दिल्ली: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने प्रसिद्ध गीतकार, लेखक और रचनात्मक पेशेवर प्रसून जोशी को प्रसार भारती का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। इस निर्णय के बाद मीडिया, सिनेमा और विज्ञापन जगत में नई ऊर्जा और दिशा की उम्मीद जताई जा रही है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस नियुक्ति पर प्रसून जोशी को बधाई देते हुए कहा कि वे एक विलक्षण रचनात्मक प्रतिभा हैं, जिन्हें विज्ञापन, साहित्य, कला और सिनेमा के क्षेत्र में विश्व स्तर पर सराहा गया है। उन्होंने कहा कि जोशी के कार्यों में भारत की सांस्कृतिक आत्मा और मिट्टी की सुगंध दिखाई देती है।
ये भी पढ़े – ‘डिजिटल सायरन’ की बीप से गूंजे करोड़ों मोबाइल; भारत ने किया स्वदेशी इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का सफल परीक्षण
वैष्णव ने विश्वास जताया कि प्रसून जोशी के नेतृत्व में प्रसार भारती को नई ऊर्जा, मजबूत उद्देश्य और एक सशक्त रचनात्मक पहचान मिलेगी।प्रसून जोशी लंबे समय से भारतीय रचनात्मक उद्योग से जुड़े रहे हैं। वे साहित्य, विज्ञापन, सिनेमा और सार्वजनिक संचार के क्षेत्र में एक प्रभावशाली नाम हैं। उनके गीत, विज्ञापन अभियानों और सामाजिक विषयों पर आधारित लेखन को व्यापक सराहना मिली है।
वे अगस्त 2017 से केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के अध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने फिल्म प्रमाणन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और संतुलित बनाने में भूमिका निभाई।इसके अलावा वे मैक्कैन वर्ल्ड ग्रुप इंडिया के सीईओ और मैक्कैन वर्ल्ड ग्रुप एशिया पैसिफिक के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे 2016 से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के ट्रस्टी भी हैं, जो कला और संस्कृति के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
ये भी पढ़े – गंगा एक्सप्रेसवे पर 15 दिन टोल फ्री, यूपी सरकार ने जारी किए निर्देश
- prasoon-joshi-prasar-bharati-chairman-full-profile-ashwini-vaishnaw-reaction-media-cinema








