
खंडवा। बाल संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में जिले में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। न्यायपीठ, बाल कल्याण समिति खंडवा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जनपद पंचायत सभागृह में एक दिवसीय पॉक्सो सपोर्ट पर्सन प्रशिक्षण/कार्यशाला का आयोजन किया गया।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि इस कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, विशेषज्ञों तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पॉक्सो प्रकरणों में संवेदनशीलता बढ़ाना और त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। मुख्य अतिथि जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती रत्ना शर्मा ने कहा कि पॉक्सो मामलों में संवेदनशीलता, समन्वय और त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।
ये भी पढ़े – खंडवा को “शांति का टापू” बनाने वाले डीआईजी मनोज राय का भोपाल तबादला, विदाई पर हुआ सम्मान
कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल कल्याण समिति खंडवा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण क्षमता विकास में सहायक होते हैं और इससे पीड़ित बच्चों को बेहतर सहयोग मिल सकेगा। एडीपीओ हरिप्रसाद बांके ने पॉक्सो अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिसोर्स पर्सन गणेश कानडे ने संस्थाओं के बीच समन्वय पर जोर दिया।
किशोर न्याय बोर्ड सदस्य पन्ना गुप्ता ने बाल कल्याण समिति की भूमिका स्पष्ट की, वहीं पूर्व अध्यक्ष विजय सनावा ने सपोर्ट पर्सन के दायित्वों की जानकारी दी।महिला थाना प्रभारी सुलोचना गहलोत ने जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ाने की आवश्यकता बताई। बाल मनोविज्ञान पर डॉ. संजय इंगले ने बच्चों की मनोवैज्ञानिक स्थिति को समझते हुए काउंसलिंग में विश्वास का वातावरण बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अजय कुमार गुप्ता (सहायक संचालक, महिला एवं बाल विकास), बाल कल्याण समिति के सदस्य मोहन मालवीय, रुचि पाटिल, स्वप्निल जैन एवं कविता पटेल सहित विभिन्न अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संचालन शीतल शर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया, जिनमें टीका सिंह बिल्लौरे, पुष्पेंद्र सिंह मंडलोई, धर्मेंद्र चौहान, शीतल शर्मा, रूपसिंह सिसोदिया, अर्चना गंगराड़े, खालिदा सैय्यद, मनीषा मिश्रा एवं अमर सिंह शामिल रहे।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता की आवश्यकता पर जोर दिया।
ये भी पढ़े – खंडवा: गुलमोहर क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर रहवासियों ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
- khandwa-pocso-support-person-workshop-child-protection-training








