
रतलाम: पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) ने जिले में जघन्य एवं चिन्हित अपराधों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के लिए विशेष समीक्षा बैठक ली। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विवेचक, जिला अभियोजन अधिकारी और सहायक अभियोजन अधिकारी शामिल रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित गंभीर प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की और विवेचकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का सही तरीके से संकलन किया जाए ताकि न्यायालय में मजबूत प्रकरण प्रस्तुत हो सके और आरोपियों को किसी प्रकार का लाभ न मिले। उन्होंने विशेष रूप से हत्या, हत्या के प्रयास, महिला एवं बाल अपराध, एनडीपीएस, साइबर अपराध सहित अन्य गंभीर मामलों में सतर्कता और तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जांच के दौरान दस्तावेजी साक्ष्य, एफएसएल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और तकनीकी सबूतों का समुचित उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अभियोजन और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया और समय पर चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या त्रुटि पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी एवं विवेचक मौजूद रहे।
ये भी पढ़े – रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या व डकैती मामलों में फरार आरोपी गिरफ्तार, चाकू व मोबाइल बरामद
- ratlam-police-review-meeting-investigation-instructions-serious-crime-quality-supervision-2026









