
ग्वालियर: जिले में एक हैरान कर देने वाला शादी और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर खुद को कलेक्ट्रेट में जनसंपर्क अधिकारी बताकर शादी करने और दहेज के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवक गौरव जैन ने खुद को सरकारी अधिकारी बताते हुए मुरार निवासी शिखा जैन से 30 नवंबर 2025 को शादी की थी।
युवती के पिता, जो शिक्षा विभाग से रिटायर्ड अधिकारी हैं, उन्होंने शादी में लगभग 90 लाख रुपये खर्च किए। शादी के कुछ समय बाद जब परिवार को युवक की नौकरी को लेकर शक हुआ, तो जांच में सामने आया कि आरोपी कलेक्ट्रेट में स्थायी जनसंपर्क अधिकारी नहीं है और उसका कॉन्ट्रैक्ट भी पहले ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद वह खुद को अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करता रहा।
परिजनों का आरोप है कि सच सामने आने के बाद आरोपी और उसके परिजन 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे और विरोध करने पर धमकियां भी दी गईं। इसके बाद पीड़ित परिवार ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में गौरव जैन सहित उसके परिजनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े – ग्वालियर में इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर पलक रजक की मौत मामला: पति, देवर और सास पर FIR दर्ज
- gwalior-marriage-fraud-fake-public-relations-officer-dowry-cheating-case-fir-2026








