
बुरहानपुर/राजू सिंह राठौर की रिपोर्ट: स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमरावती रोड स्थित गुड हॉस्पिटल को गंभीर अनियमितताओं के चलते तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। लंबे समय से अस्पताल के खिलाफ मिल रही शिकायतों के बाद सीएमएचओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंची और जांच की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में क्षमता से अधिक मरीज भर्ती होने, गंदगी, अव्यवस्थित व्यवस्थाएं, अनट्रेंड स्टाफ द्वारा मरीजों का उपचार किए जाने तथा स्वास्थ्य संबंधी नियमों के उल्लंघन जैसी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जानकारी के अनुसार अस्पताल को केवल 20 बेड संचालित करने की अनुमति प्राप्त थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान वहां निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक मरीज भर्ती मिले। वार्डों में मरीजों को एक साथ अधिक संख्या में रखा गया था। जांच टीम ने अस्पताल परिसर में गंदगी, बदबू और अव्यवस्थित हालात भी पाए। कई वार्डों में पर्याप्त रोशनी तक नहीं थी, जिससे मरीजों के उपचार में भी परेशानी सामने आई। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पाया कि अस्पताल में प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मचारियों के बजाय अनट्रेंड स्टाफ मरीजों को इंजेक्शन लगाने, सलाइन चढ़ाने और अन्य चिकित्सकीय कार्य करते मिले। अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाए।
जांच के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों ने भी कई आरोप लगाए। उनका कहना था कि उन्हें मुफ्त इलाज का भरोसा देकर अस्पताल में भर्ती किया गया था। कुछ मरीजों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने उनके आयुष्मान भारत कार्ड अपने पास रख लिए और वापस नहीं किए। स्वास्थ्य विभाग ने इन शिकायतों को भी जांच में शामिल किया है। कार्रवाई के दौरान एक और मामला सामने आया। अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के समय अस्पताल प्रबंधन द्वारा कुछ दस्तावेज और कंप्यूटर का सीपीयू पिछले रास्ते से बाहर ले जाने का प्रयास किया गया। इसकी जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम पीछे के गेट पर पहुंची और संबंधित सामग्री को जब्त कर लिया। इस दौरान अस्पताल संचालक विजय सुगंधी भी मौके पर पहुंचे, जहां अधिकारियों और संचालक के बीच बहस भी हुई।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि गुड हॉस्पिटल को पहले भी कई बार नोटिस जारी कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन द्वारा अपेक्षित सुधार नहीं किए गए। ताजा जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। वहीं अस्पताल संचालक विजय सुगंधी ने अपनी सफाई में कहा कि अस्पताल में केवल एक-दो अनियमितताएं थीं और वे स्वयं भी परेशान हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कार्रवाई केवल अस्पताल को सील करने तक सीमित रहेगी या मरीजों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर सहित अन्य कठोर कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे। यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।
ये भी पढ़े – बुरहानपुर: बाकड़ी गांव की दर्दनाक हकीकत, हाईस्कूल ना होने से आठवीं के बाद रुक जाती है बेटियों की पढ़ाई
- burhanpur-good-hospital-sealed-cmho-action-over-serious-irregularities











