
गुना/ मोहित सोनी: शहर के मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नाज़िया इलाही द्वारा हज़रत मोहम्मद और उम्मुल मोमिनीन हज़रत आयशा के संबंध में कथित रूप से दिए गए आपत्तिजनक बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
मामले में निष्पक्ष और विधिसम्मत जांच कराने की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि इस तरह के कथित बयानों से मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। समाज के प्रतिनिधियों ने कानून व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए प्रशासन से मामले में निष्पक्ष और विधिसम्मत जांच कराने की मांग की।
आवश्यक कदम उठाने की मांग
मुस्लिम समाज ने मांग की कि यदि जांच में संबंधित बयान कानून का उल्लंघन करने वाला पाया जाता है, तो प्रचलित कानून के तहत संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले मामलों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।
एफआईआर दर्ज करने की भी मांग
ज्ञापन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत नाज़िया इलाही खान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की गई।
निष्पक्ष कार्रवाई करने का आग्रह
इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से इस संवेदनशील मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने का आग्रह किया। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर मामले का परीक्षण किए जाने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें: http://गुना में चोरों का आतंक: एक ही रात में कई घरों के ताले तोड़े, CCTV में कैद हुई वारदात
- guna-muslim-community-submits-memorandum-against-nazia-ilahi








