
देवास/ गौरव व्यास: शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र सुपर मार्केट इन दिनों बदहाल व्यवस्थाओं के कारण चर्चा में है। जर्जर हो चुकी इमारत, छत से गिरता मलबा, लटकती पाइप लाइनें, जगह-जगह फैली गंदगी और बदबू से व्यापारी ही नहीं, बल्कि यहां आने वाले ग्राहक भी परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद नगर निगम और संबंधित विभागों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।
दुकानदारों और ग्राहकों में भय का माहौल
व्यापारियों के अनुसार सुपर मार्केट की इमारत कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। छत का प्लास्टर और मलबा आए दिन नीचे गिरता रहता है। हाल ही में मलबा गिरने से एक मजदूर घायल भी हो गया था, लेकिन इसके बाद भी भवन की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया। कई स्थानों पर भारी पाइप जर्जर हालत में लटक रहे हैं, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा
सुपर मार्केट परिसर में सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। लिफ्ट के लिए बनाए गए स्थान पर कचरे का ढेर जमा है, जिससे पूरे परिसर में दुर्गंध फैल रही है। व्यापारियों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण मच्छरों और अन्य कीटों की संख्या भी बढ़ गई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बना हुआ है।
आर्थिक नुकसान
स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक न तो भवन की मरम्मत कराई गई और न ही सफाई व्यवस्था में सुधार किया गया। उनका कहना है कि गंदगी और बदबू के कारण ग्राहक सुपर मार्केट आने से बच रहे हैं, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
घटना से पहले स्थिति में सुधार
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि सुपर मार्केट की जर्जर इमारत का तकनीकी निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत कराई जाए, लटक रहे पाइप और क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुरक्षित बनाया जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले स्थिति में सुधार हो सके।
जिम्मेदारों की नींद टूटेगी
अब देखना होगा कि प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाता है या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद टूटेगी।
यह भी पढ़ें: http://181 शिकायत वापस लेने के दबाव का आरोप, सचिव और सरपंच पति पर अभद्रता व जातिसूचक टिप्पणी के आरोप
- dewas-super-market-poor-condition-building-safety














