
सागर/ मनीष कुमार चौबे: मध्य प्रदेश के सागर जिला अंतर्गत मकरोनिया क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ दीनदयाल नगर में शनिवार को एक जर्जर मकान की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे की चपेट में आने से कमरे में सो रही एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि नगर पालिका प्रशासन ने इस मकान को पहले ही खतरनाक घोषित कर खाली करने के दो नोटिस जारी किए थे, लेकिन इसके बावजूद मकान खाली नहीं कराया गया।
सोते समय अचानक ढह गई छत
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मकरोनिया के दीनदयाल नगर स्थित कालीचरण वर्मा का मकान काफी समय से जर्जर स्थिति में था। इस मकान में 6 साल की मासूम बच्ची सृष्टि (पिता बंटी रैकवार) अपने नाना-नानी के साथ रहती थी। शनिवार को सृष्टि कमरे में सो रही थी, तभी अचानक छत का ऊपरी प्लास्टर भरभराकर उसके ऊपर गिर गया। भारी-भरकम मलबे के नीचे दबने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और परिजन तुरंत कमरे की तरफ भागे। मलबे को हटाकर बच्ची को लहूलुहान हालत में बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर कर दिया गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। बीएमसी के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मासूम सृष्टि को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें: http://181 शिकायत वापस लेने के दबाव का आरोप, सचिव और सरपंच पति पर अभद्रता व जातिसूचक टिप्पणी के आरोप
इस हादसे ने स्थानीय प्रशासन और मकान मालिक की लापरवाही को उजागर कर दिया है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि नगर पालिका मकरोनिया ने मकान की जर्जर हालत को देखते हुए मकान मालिक कालीचरण वर्मा को इसे खाली करने के लिए दो बार नोटिस जारी किए थे। प्रशासन द्वारा समय रहते चेतावनी दिए जाने के बाद भी मकान को खाली नहीं कराया गया और न ही उसकी मरम्मत कराई गई। इस गंभीर लापरवाही की कीमत अंततः एक मासूम बच्ची को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
विधायक पहुंचे मौके पर, निष्पक्ष जांच के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय नरयावली विधायक प्रदीप लारिया तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए मकरोनिया थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रशासन ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के असली कारणों के साथ-साथ इस मामले में हुई प्रशासनिक व व्यक्तिगत लापरवाही की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।
यह भी पढ़ें: http://देवास सुपर मार्केट की बदहाली: जर्जर इमारत, गंदगी और बदबू से व्यापारी परेशान, हादसे का बढ़ा खतरा
- Sagar 6-year-old girl dies after plaster falls from the roof of a dilapidated house













