
उमरिया/राकेश दर्दवंशी की रिपोर्ट: जिले की मानपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मीना सिंह एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे सड़क किनारे जंगली मशरूम (पुटू) बेच रही एक बुजुर्ग महिला के पास अपना काफिला रुकवाकर उससे पुटू खरीदती नजर आ रही हैं। विधायक की इस सहजता और आम लोगों से सीधे जुड़ने की शैली की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र भ्रमण के दौरान विधायक मीना सिंह का काफिला सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे बोरी में पुटू (जंगली मशरूम) बेच रही एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और सीधे महिला के पास पहुंचकर उसका हालचाल जाना। इस दौरान वहां मौजूद बच्चों से भी बातचीत की और उनसे आत्मीयता से मिले। इसके बाद विधायक ने बुजुर्ग महिला से पुटू खरीदा, जिससे महिला काफी खुश नजर आई।
पुटू खरीदने के बाद विधायक मीना सिंह ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए इसके पारंपरिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पहले बारिश के मौसम में गांवों में सब्जियां आसानी से उपलब्ध नहीं होती थीं, ऐसे समय में पुटू जैसे वन उत्पाद ग्रामीणों के भोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा होते थे और खाने का स्वाद बढ़ाते थे। उन्होंने लोगों से भी स्थानीय वन उपज को अपनाने और पुटू खरीदकर उसका आनंद लेने की अपील की।
इस दौरान विधायक ने पीहरी, चकौड़ा की भाजी सहित अन्य पारंपरिक वन उत्पादों का भी उल्लेख किया और कहा कि ये केवल भोजन का हिस्सा ही नहीं बल्कि हमारी ग्रामीण संस्कृति और प्राकृतिक विरासत की पहचान भी हैं। उन्होंने स्थानीय वन उपज के संरक्षण और उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।
सड़क किनारे आम लोगों के बीच बैठकर खरीदारी करने और आत्मीयता से बातचीत करने का विधायक मीना सिंह का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उनके इस व्यवहार की सराहना की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और विधायक की सादगी एक बार फिर सुर्खियों में बनी हुई है।
ये भी पढ़े – उमरिया: निगहरी पंचायत के निर्माण कार्यों पर भ्रष्टाचार के आरोप, रपटा कम स्टॉप डैम और नदी घाट निर्माण की होगी जांच
- mla-meena-singh-stopped-convoy-bought-putu-wild-mushroom-video-viral-umaria









