
गुना/ मोहित सोनी: जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कैंट थाना पुलिस ने करीब 15 साल से फरार चल रहे एक इनामी स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2010 में ग्राम कनेराचक निवासी बलवीर पुत्र केशरमल पारदी के खिलाफ सिरसी थाने में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। घटना के बाद से आरोपी लगातार न्यायालयीन कार्रवाई से बचता रहा, जिसके चलते उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित था।
कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 12 जुलाई को कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
भागने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी
गुना पुलिस ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ पारदी समुदाय के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए “नई दिशा” अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं, शिक्षा, रोजगार और नशामुक्ति कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मुख्यधारा में लौटने के इच्छुक लोगों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा, जबकि कानून से भागने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव, साइबर सेल प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अजेन्द्रपाल सिंह तथा आरक्षक मनोज शर्मा, रामनिवास शर्मा, नवदीप अग्रवाल, संजय जाट, राजीव रघुवंशी, नीलेश रघुवंशी, दीपक तोमर, नीतेश पटेल, कुलदीप भदौरिया, कुलदीप यादव, भूपेंद्र खटीक और अभय रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- guna-police-arrested-15-year-absconding-rewarded-warrantee









