
सागर/ मनीष कुमार चौबे: मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध और अमानक शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बण्डा और विनायका थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 225.12 लीटर यानी 1249 पाव देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया।
बण्डा पुलिस ने 345 पाव शराब की जब्त
बण्डा थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 345 पाव यानी 62.4 लीटर देशी लाल मसाला शराब बरामद की।
पुलिस के अनुसार, मामले में अपराध क्रमांक 658/2026 के तहत बीएनएस और आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान जुझार सिंह के कब्जे से 240 पाव, दिनेश सिंह से 40 पाव, मनोहर लोधी से 30 पाव और राजा लोधी से 35 पाव देशी शराब बरामद की गई।
विनायका पुलिस ने 904 पाव शराब पकड़ी
वहीं, विनायका थाना पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने यहां से कुल 904 पाव यानी 162.72 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की।
इस मामले में अपराध क्रमांक 98/2026 दर्ज कर आबकारी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने चन्द्रभान उर्फ चंदू के कब्जे से सबसे अधिक 820 पाव शराब बरामद की। इसके अलावा भगवान सिंह से 43 पाव, अरविन्द यादव से 22 पाव और मानसीग से 19 पाव शराब जब्त की गई।
14 आरोपियों को न्यायालय में किया पेश
बण्डा और विनायका थाना पुलिस की कार्रवाई में कुल 1249 पाव देशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार सभी 14 आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है।
अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की नजर
सागर पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की ओर से अवैध और अमानक शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
- sagar-illegal-liquor-police-action-14-accused-arrested








