
भोपाल/आदित्य शंकर तिवारी: भोपाल जिला पंचायत सभा कक्ष में अध्यक्ष श्रीमती रामकुवर नौरंग सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भोपाल श्रीमती इला तिवारी ने अध्यक्ष की अनुमति से बैठक का एजेंडा रखते हुए बिंदुवार चर्चा की। बैठक में अध्यक्ष श्रीमती रामकुवर नौरंग सिंह गुर्जर ने नारी सशक्तिकरण बिल पास का प्रस्ताव रखा सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से बिल का प्रस्ताव पास किया।
पानी की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने का प्रस्ताव
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मोहन सिंह जाट ने भीषण गर्मी के समय ग्रामीण क्षेत्रों में पीने की पानी की समस्या को लेकर पीएचई विभाग की नल – जल योजना की जानकारी ली। जिस गांव में नलकूप बंद पड़े हैं उन्हें ठीक करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पानी की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने का प्रस्ताव रखा है।
जांच का मुद्दा उठाया गया
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती चंद्रेश सुरेश राजपूत ने अपने वार्ड की ग्राम पंचायत अमरावत कला के सरपंच श्री सुरेंद्र लोधी द्वारा केरवा नदी में अमृत सरोवर के गहरीकरण के नाम से हजारों डंपर मिट्टी बड़ी-बड़ी पोकलेन मशीन लगाकर खोदी गई, बगैर परमिशन रॉयल्टी के बेची गई, माइनिंग विभाग को शिकायत की तो टीम के द्वारा मशीन को पकड़ा गया। इस तरह की अवैध खुदाई पर क्या कार्रवाई की गई। कोलार क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सरपंचों द्वारा अमृत सरोवर के गहरीकरण के नाम पर मिट्टी बेचने का खेल चल रहा है इसकी जांच होना चाहिए का मुद्दा उठाया।
शिकायत पेटी का लोकार्पण
बैठक में एजेंडे के बिंदुओं पर भी सदस्यों द्वारा चर्चा की गई। भोपाल जिला पंचायत कार्यालय में पहली बार शिकायत पेटी लगाई गई जिसमें अधिकारी, कर्मचारी जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन अपने द्वारा शिकायतें शिकायत पेटी में लिखकर डाल सकते हैं जिसका लोकार्पण अध्यक्ष श्रीमती रामकुवर नौरंग सिंह गुर्जर ने सदस्यों के साथ फीता काटकर किया।
500 में से 490 अंक, मध्यप्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त
मध्यप्रदेश में हाई स्कूल में भोपाल जिला ग्रामीण की ग्राम पंचायत कलारा के शासकीय हाई स्कूल के छात्र सुरजीत सिंह ने 500 में से 490 अंक लाकर मध्यप्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सीईओ श्रीमती इला तिवारी ने जिला सदस्यों के साथ छात्र सुरजीत सिंह एवं प्रभारी प्राचार्य पुष्पेंद्र रावत का फूल माला पहनाकर स्वागत कर सम्मानित किया।
बैठक में मुख्य रूप से विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे
बैठक में मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामकुवर नौरंग सिंह गुर्जर, मोहन सिंह जाट उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य विनय सिंह मेहर, श्रीमती रश्मि अवनीश भार्गव, विक्रम बालेश्वर, श्रीमती चंद्रेश सुरेश राजपूत, श्रीमती गंगा बाई मिश्रीलाल मालवीय, जिला सीईओ श्रीमती इला तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार अहिरवार, डीपीसी प्रभारी रविश श्रीवास्तव, पीएचई, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यानिकी, महिला बाल विकास, पीडब्ल्यूडी, सामाजिक न्याय, वन विभाग, आरईएस, विद्युत आदि विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
- bhopal-district-panchayat-meeting-on-women-empowerment-and-water-issues












