
डबरा/ भरत रावत: शहर की जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को डबरा नगर पालिका कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जीतू राजौरिया के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
पट्टों का वितरण किए जाने की मांग
कांग्रेस ने ज्ञापन में शहर की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए नाला-नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, जर्जर सड़कों की मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों का भुगतान तथा आदिवासी बस्तियों में पट्टों का वितरण किए जाने की मांग की।
आंदोलन को और तेज किया जाएगा
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जीतू राजौरिया ने कहा कि शहर की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, जबकि नगर पालिका समस्याओं के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
नागरिकों को रोजमर्रा की समस्याओं का सामना
धरना-प्रदर्शन के दौरान डबरा विधायक सुरेश राजे सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की निष्क्रियता के कारण आम नागरिकों को रोजमर्रा की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर कब तक कार्रवाई
अब सभी की निगाहें प्रशासन पर हैं कि ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर कब तक कार्रवाई होती है।
यह भी पढ़ें: http://छिंदवाड़ा में बाघ का हमला, मवेशी चराने गए ग्रामीण की मौत, इस साल का सातवां मामला
- dabra-congress-protest-over-civic-issues-submits-memorandum











