
हटा/दमोह (अकीब खान की रिपोर्ट): आर्ट ऑफ लिविंग के विस्तार की दिशा में हटा नगर में एक नई पहल करते हुए बैजनाथ धाम कॉलोनी स्थित नवनिर्मित ‘आनंदम’ केंद्र का विधि-विधान एवं गुरु पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में साधकों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु पूजन से हुई। श्रद्धालुओं ने गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया और गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद आयोजित भजन-सत्संग में गुरु महिमा से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और पूरे परिसर में आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक आशीष भैया ने कहा कि आज की तनावपूर्ण और भागदौड़ भरी जीवनशैली में मानसिक स्वास्थ्य सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे समय में सुदर्शन क्रिया मन, शरीर और भावनाओं के संतुलन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से सुदर्शन क्रिया करने से तनाव कम होता है, मन शांत रहता है और व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह केवल श्वास तकनीक नहीं, बल्कि स्वस्थ और आनंदमय जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि बैजनाथ धाम कॉलोनी स्थित ‘आनंदम’ केंद्र में नियमित रूप से योग, प्राणायाम, ध्यान, सुदर्शन क्रिया, सत्संग और ज्ञान सत्र आयोजित किए जाएंगे। इससे हटा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आध्यात्मिक साधना, मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में साधकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेते हुए नए केंद्र की शुरुआत का स्वागत किया। सभी ने इसे हटा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक पहल बताया। आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। जनपद अध्यक्ष गंगाराम पटेल ने कार्यक्रम में इको-फ्रेंडली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बर्तनों की व्यवस्था कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जबलपुर से स्टेट कोऑर्डिनेटर (टीचर्स) नवीन बरसैयां, मनीषा परमार, बीनल परमार, दमोह से संस्था के शिक्षक अतुल चौबे, डॉ. रामेश्वर पटेल, आशुतोष सुहाने, वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं हटा जनपद अध्यक्ष गंगाराम पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल, राज बहादुर पटेल, उदयभान पटेल, गौरव सिंघई, शरद अठया, आयुषी रितिक गुप्ता, सुरेंद्र अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, अभिषेक सुहाने, राहुल ज्योतिषी, हर्षित उपाध्याय, अंशिका सुहाने, शाश्वत सुहाने, सोभित फौजदार, भागवत असाटी, सचिन सेन, राकेश राय, संदीप राय सहित बड़ी संख्या में साधक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
- damoh-art-of-living-new-anandam-center-inaugurated-in-hatta-with-guru-poojan-and-satsang









