
दतिया/संतोष चंसौलिया: विधानसभा उपचुनाव 2026 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दतिया जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को आबकारी विभाग ने प्रकाश नगर कंजर डेरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध हाथभट्टी शराब जब्त की और शराब बनाने में उपयोग होने वाला गुड़ लहान मौके पर ही नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता संदीप शर्मा के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी रामकुमार सूत्रकार के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व कंट्रोल रूम प्रभारी एवं वृत्त प्रभारी दतिया (ब) अनिरुद्ध खानवलकर ने किया।
पांच स्थानों पर दबिश, कई आरोपियों पर कार्रवाई
आबकारी टीम ने प्रकाश नगर कंजर डेरा में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कई लोगों के कब्जे से अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान मिथला पत्नी निरपत कंजर के कब्जे से 35 बल्क लीटर हाथभट्टी शराब, वरप बाई पत्नी सतपाल कंजर के पास से 30 बल्क लीटर हाथभट्टी शराब तथा चार ड्रमों में रखे लगभग 800 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया। लहान के नमूने लेने के बाद शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इसी तरह छाया पत्नी रिंकू कंजर के कब्जे से 25 बल्क लीटर, जबकि रोशनी पत्नी प्रदीप कंजर के पास से 20 बल्क लीटर हाथभट्टी शराब जब्त की गई। इसके अलावा एक अज्ञात स्थान से तीन ड्रमों में रखी कुल 600 बल्क लीटर हाथभट्टी शराब भी बरामद की गई। आवश्यक सैंपल लेने के बाद शराब को जब्त कर लिया गया।
710 बल्क लीटर शराब जब्त, 2.24 लाख रुपये से अधिक की सामग्री नष्ट
पूरे अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने कुल 710 बल्क लीटर अवैध हाथभट्टी शराब जब्त की। साथ ही लगभग 800 किलोग्राम गुड़ लहान और शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे ड्रमों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जब्त और नष्ट की गई सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 2 लाख 24 हजार 100 रुपये बताया गया है।
आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज हुए पांच प्रकरण
आबकारी विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधित 2000) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की। इस दौरान धारा 34(1)(A) के तहत तीन प्रकरण, धारा 34(1)(A) एवं 34(1)(F) के तहत एक प्रकरण तथा धारा 34(2) के तहत एक अन्य प्रकरण दर्ज किया गया।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक ध्वनि भदौरिया, मुख्य आरक्षक विकास पाठक, आरक्षक मनीष यादव, लक्ष्मीनारायण मांझी, दीपक शाक्य, विकास साहू, महिला आबकारी आरक्षक याशनिका यादव तथा वाहन चालक सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़े – दतिया में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, 315 बोर का कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
- datia-excise-seizes-710-litres-of-illegal-liquor-ahead-of-assembly-bypoll-destroys-800-kg-jaggery-mash









