
नई दिल्ली: भारत-अफ्रीका के बीच अंतरिक्ष क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को नया आयाम देने के उद्देश्य से ‘इन-स्पेस’ (IN-SPACe) ने विदेश मंत्रालय (MEA) के सहयोग से एक विशेष ‘हेड्स ऑफ मिशन्स कॉन्क्लेव’ (Heads of Missions’ Conclave) का आयोजन किया।
यह आयोजन ‘भारत-अफ्रीका अंतरिक्ष साझेदारी: आईएएफएस-IV प्री-समिट इवेंट 2026’ के तहत किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य विषय (थीम) “IA SPIRIT: इंडिया-अफ्रीका स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फॉर इनोवेशन, रेजिलिएंस, एंड इंक्लूसिव ट्रांसफॉर्मेशन” रखा गया।
इस कॉन्क्लेव में भारत में मौजूद अफ्रीकी देशों के मिशन प्रमुखों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान डेलिगेट्स के सामने भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम, अंतरिक्ष क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक सुधारों और भारत के वाणिज्यिक अंतरिक्ष क्षेत्र में हो रहे नवीनतम विकास पर विस्तृत प्रस्तुतियां दी गईं। सत्र में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, IN-SPACe और भारतीय अंतरिक्ष उद्योग के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस दौरान एक इंटरैक्टिव चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें अंतरिक्ष क्षेत्र के माध्यम से अफ्रीकी महाद्वीप के साथ भारत के संबंधों और द्विपक्षीय साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के व्यावहारिक तौर-तरीकों पर विचार विमर्श किया गया। कार्यक्रम में इन-स्पेस के अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका और विदेश मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी विशेष रूप से शामिल हुए।
- india-africa-space-partnership-heads-of-missions-conclave-2026-in-space









