
मैहर/देवेश शर्मा: शहर के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 स्थित बोस कॉलोनी और रेलवे कॉलोनी को जोड़ने वाली गली में चल रहा सीवर लाइन का कार्य अब आम लोगों के लिए मुसीबत का कारण बनता जा रहा है। विगत तीन-चार दिनों से सड़क खोदकर छोड़े जाने एवं कार्य में लापरवाही बरते जाने के कारण लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इसी मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन, बाजार एवं अपने कार्यस्थलों तक आने-जाने के लिए गुजरते हैं, लेकिन रास्ता बंद होने से लोगों को अब कई किलोमीटर घूमकर जाना पड़ रहा है। इससे खासकर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों एवं बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हादसे की आशंका
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि सीवर लाइन का कार्य धीमी गति और बिना उचित वैकल्पिक व्यवस्था के किया जा रहा है। खुदाई के कारण सड़क पूरी तरह बाधित हो चुकी है, वहीं सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन से मांग
वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द कार्य पूर्ण कराया जाए तथा बंद मार्ग को तत्काल चालू कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन जनता की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है।
- maihar-sewer-line-become-mountain-of-trouble-problem-of-ward-resident-increased










