
पन्ना/पुण्यप्रताप सिंह परमार की खास रिपोर्ट: कहते हैं कि यदि हौसले बुलंद हों और लक्ष्य पाने का जुनून हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते। इस कहावत को सच कर दिखाया है पन्ना जिले के सिमरिया क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम उमरी निवासी सौरभ सिंह परमार ने। सौरभ सिंह ने मध्य प्रदेश सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर तीसरी रैंक हासिल की है। उन्होंने 31वां स्थान प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे पन्ना जिले को गौरवान्वित किया है।
किसान परिवार से निकलकर हासिल की बड़ी सफलता
सौरभ सिंह के पिता औसाब सिंह एक साधारण किसान हैं। परिवार की आर्थिक परिस्थितियां सीमित होने के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सौरभ ने कठिन परिस्थितियों के बीच पिछले चार वर्षों तक सागर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। इस दौरान उन्होंने लगातार मेहनत, अनुशासन और धैर्य के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा।
पिछली असफलता से ली सीख, फिर रचा इतिहास
सौरभ की सफलता के पीछे कई वर्षों का संघर्ष छिपा है। पिछले वर्ष आयोजित सब-इंस्पेक्टर परीक्षा में वह कुछ अंकों से अंतिम चयन से चूक गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी कमियों को पहचाना, उनमें सुधार किया और पहले से अधिक मेहनत के साथ तैयारी जारी रखी। इसी दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास का परिणाम रहा कि इस बार उन्होंने प्रदेश की टॉप सूची में स्थान हासिल किया।
सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया
सौरभ सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और लगातार किए गए कठिन परिश्रम को दिया है। उन्होंने कहा कि सही दिशा में मेहनत और धैर्य के साथ प्रयास करने से सफलता जरूर मिलती है। सौरभ की इस उपलब्धि से उमरी सहित पूरे सिमरिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
- panna-umri-saurabh-singh-parmar-mp-sub-inspector-exam-third-rank-success-story









