
रीवा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पनवार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 87 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम खारा के जोरी टोला में दबिश देकर भूसे के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि शंकर लाल कोल के घर स्थित भूसे वाले मकान में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। तलाशी के दौरान 87 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में हाल के समय की बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई माना जा रहा है।

मामले में पुलिस ने शंकर लाल कोल और पुनीत सिंह डोडा को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। रीवा पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।








