
सागर/मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के दूसरे दिन सागर जिले में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचलों तक अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया गया।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए प्रेरणादायक वीडियो, लघु फिल्में, जागरूकता रील्स और संवाद सत्र आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से सीधे संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने, शिक्षा पर ध्यान देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
हजारों विद्यार्थियों और नागरिकों ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
गांव-गांव पहुंची पुलिस, जनसंवाद के जरिए किया जागरूक
सागर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों, बीट अधिकारियों और पुलिस टीमों ने गांव-गांव पहुंचकर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें आयोजित कीं। इन बैठकों में मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई तथा लोगों से नशे के खिलाफ जनआंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की गई।
युवाओं को खेल और शिक्षा से जोड़ने पर जोर
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी पुलिस के अभियान का समर्थन करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का संकल्प लिया।
आगे भी जारी रहेंगे जागरूकता कार्यक्रम
सागर पुलिस ने बताया कि 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान जिलेभर में जनसंवाद, जागरूकता रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शपथ समारोह, नुक्कड़ नाटक और अन्य गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जाएगा, ताकि नशामुक्ति का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि सागर पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से मुक्त कर सुरक्षित, स्वस्थ और जागरूक वातावरण का निर्माण करना भी है।
सागर पुलिस का संदेश:
“नशे से दूरी ही सुरक्षित और सफल जीवन की पहचान है। आइए, स्वयं भी नशे से दूर रहें और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।”
ये भी पढ़े – विधायक शैलेन्द्र जैन के जन्मोत्सव पर लगा रक्तदान शिविर, 53 युवाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
- sagar-police-nashe-se-doori-hai-zaroori-2-campaign-day-2-drug-awareness-drive-across-district










