
सीधी। आदि मिश्रा। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार को ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला कर NDPS मामले के आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को रीवा न्यायालय में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेरकर फायरिंग और मारपीट की तथा आरोपी को लेकर फरार हो गए।
पुलिस वाहन को घेरकर की फायरिंग
घटना मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी में हुई। रिपोर्टों के अनुसार, बदमाश कई वाहनों में सवार होकर पहुंचे और ओडिशा पुलिस के वाहन को आगे-पीछे से घेर लिया। इसके बाद पुलिस टीम पर फायरिंग की गई और बेसबॉल बैट तथा डंडों से हमला किया गया। कुछ रिपोर्टों में तीन बार फायरिंग की बात सामने आई है।
ओडिशा पुलिस की टीम में आठ पुलिसकर्मी बताए जा रहे हैं। उनके पास अत्याधुनिक हथियार भी थे। हमले में पुलिस वाहन के कांच टूटने और एक गोली वाहन के पहिए से टकराने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
हमले के बाद बदमाश आदित्य मिश्रा को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ ले गए। पुलिस ने सीधी और रीवा जिले में तलाश तेज कर दी है। संदिग्ध वाहनों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीधी पुलिस के अनुसार, आरोपी और हमलावरों की तलाश के लिए सीधी और रीवा में कुल 16 पुलिस दल लगाए गए हैं। संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई है और मैहर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी तलाश की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीधी एसपी संतोष कोरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमले में कौन लोग शामिल थे और आरोपी को छुड़ाने की पूरी योजना कैसे बनाई गई।
छुहिया घाटी में पुलिस अभिरक्षा से NDPS आरोपी को छुड़ाने की घटना के बाद सीधी और रीवा पुलिस ने तलाश अभियान तेज कर दिया है। आरोपी और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
यह भी पढ़े: भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या, दो दिन पहले रखा नौकर गायब
- sidhi-chhuhiya-ghati-odisha-police-attack-ndps-accused








