
सार
धर्मेंद्र सिंह लोधी|टीकमगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल ने 1 सितंबर 2026 को थाना जतारा, थाना बम्होरी कला, थाना लिधोरा और चौकी कनेरा एवं जेवर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित अपराध, मर्ग, चालान, खात्मा और खारिज प्रकरणों की प्रकरणवार समीक्षा की तथा गंभीर मामलों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। एसपी ने संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाने, गश्त और औचक चेकिंग प्रभावी करने के साथ आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता से त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
विस्तार
पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने थाना और चौकी स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए निरीक्षण किया। उन्होंने थाना जतारा, थाना बम्होरी कला, थाना लिधोरा के साथ चौकी कनेरा और जेवर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों और पुलिस की प्रशासनिक कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसपी ने थाना एवं चौकी परिसर, कार्यालय, रोजनामचा, विवेचना कक्ष, अभिलेख, सीसीटीएनएस कक्ष, कंप्यूटर एवं अन्य तकनीकी संसाधनों के साथ मालखाना और शस्त्रागार का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट करने और पुलिस विभाग के शासकीय संसाधनों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लंबित अपराध, मर्ग, चालान, खात्मा और खारिज प्रकरणों की प्रकरणवार एवं विवेचकवार समीक्षा की गई। एसपी ने गंभीर और लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में विवेचना निष्पक्ष, तथ्यपरक, वैज्ञानिक और समयबद्ध तरीके से की जानी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने विवेचकों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा न्यायालयीन प्रक्रिया से जुड़े कार्यों में भी तत्परता बरतने को कहा। उनका जोर इस बात पर रहा कि विवेचना में अनावश्यक देरी न हो और मामलों के निराकरण में गुणवत्ता के साथ समयसीमा का भी ध्यान रखा जाए।
एसपी ने क्षेत्र में गुंडा एवं निगरानी सूची में दर्ज व्यक्तियों, जेल से रिहा अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने ऐसे व्यक्तियों पर प्रभावी निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, औचक चेकिंग करने और सूचना तंत्र को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने से पहले आवश्यक कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन के साथ पुलिस के व्यवहार को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उनका नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाए। पीड़ित और जरूरतमंद लोगों को आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी जतारा निरीक्षक कमल सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी बम्होरी कला उप निरीक्षक नीतू खटीक, थाना प्रभारी लिधोरा उप निरीक्षक मनोज द्विवेदी, चौकी प्रभारी कनेरा उप निरीक्षक आकाश रुशिया और चौकी प्रभारी जेवर उप निरीक्षक रेवाराम सहित संबंधित थानों एवं चौकियों का पुलिस बल मौजूद रहा।
ये भी पढ़े – राहुल गांधी पर FIR के विरोध में गरजी कांग्रेस, टीकमगढ़ कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन; FIR रद्द करने की मांग
- tikamgarh-sp-sudhir-agrawal-police-station-inspection-pending-cases-crime-control











