
नई दिल्ली: 21 अप्रैल यानी मंगलवार को रक्षा मंत्रालय ने भारतीय सेना के T-72 और T-90 टैंकों के लिए ट्रॉल असेंबली की खरीद को लेकर लगभग 975 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किए। यह समझौता भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) और इलेक्ट्रो न्यूमेटिक्स एंड हाइड्रॉलिक्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के साथ रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हुआ।
यह ट्रॉल असेंबली DRDO द्वारा विकसित एक अहम सैन्य उपकरण है, जो बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने और माइंस से भरे क्षेत्रों में सुरक्षित रास्ता बनाने में मदद करेगा। सेनाओं पर प्रॉक्सिमिटी मैग्नेटिक फ्यूज वाली एंटी-टैंक माइंस के खिलाफ यह सिस्टम प्रभावी साबित होगी, जिससे युद्ध क्षेत्र में टैंकों और अन्य सैन्य बलों की तैनाती सुरक्षित हो जाएगी।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह खरीद “Buy (Indian–IDDM)” श्रेणी के तहत की गई है, जो स्वदेशी डिजाइन, विकास और निर्माण को बढ़ावा देती है। इससे भारतीय सेना की संचालन क्षमता में बढ़ोतरी होगी और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
इस परियोजना से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) सेक्टर को भी बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि इसमें विभिन्न घटकों के निर्माण में घरेलू उद्योगों की भागीदारी होगी।
- indian-army-mine-clearing-capability-upgrade










