
लखीमपुर खीरी: थाना खमरिया क्षेत्र में पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर शारदा नदी के ऐरा पुल पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रक (UP31T7863) ने ऑटो (UP31CT5155) को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में ऑटो सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल खमरिया पुलिस द्वारा सीएचसी नकहा भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाद में जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या 5 हो गई। मृतकों में रामदेवी (42), एक 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति, खालिकुन और छोटू शामिल हैं।
वहीं हादसे में ऐश्वर्य अवस्थी, शर्मा देवी, अख्तर अली सहित अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही खमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने ट्रक चालक छुटकन्ने पुत्र भोंदू निवासी मरसन्डा, थाना लहरपुर (सीतापुर) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
येे भी पढ़े – लखीमपुर खीरी में वन विभाग का लिपिक रिश्वत लेते गिरफ्तार: एंटी करप्शन टीम ने 12 हजार रुपये के साथ दबोचा
- lakhimpur-kheri-road-accident-aera-bridge-five-dead-truck-auto-collision









