
लखनऊर/राशिद सिद्दीकी: उत्तर प्रदेश सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने जनगणना-2027 को लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास 11 एनडीएमआर विक्रमादित्य मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि जनगणना में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि जनगणना के दौरान लोगों को सही और पूरी जानकारी देनी चाहिए, ताकि सरकार प्रदेश की वास्तविक जनसंख्या और सामाजिक स्थिति का सही आकलन कर सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि फॉर्म भरते समय मकान कच्चा है या पक्का, परिवार की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और अन्य जरूरी जानकारियां सही तरीके से दर्ज करें।
उन्होंने कहा कि सही आंकड़ों के आधार पर सरकार भविष्य की योजनाओं को बेहतर ढंग से तैयार कर सकेगी और सरकारी सुविधाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिया गया जनगणना का निर्णय जनहितकारी और सरल है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा देश विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
इस दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि एनसीआरबी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में अपराध में कमी आई है। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में वर्तमान सरकार में महिला अपराध, बाल अपराध और अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के नेतृत्व में अपराधियों में कानून का भय है और प्रदेश की जनता अपने आपको पहले से अधिक सुरक्षित और भयमुक्त महसूस कर रही है।
ये भी पढ़े – 2027 की जनगणना देश और प्रदेश के विकास की मजबूत नींव, सभी लोग करें सहयोग : ओमप्रकाश राजभर, विपक्ष पर भी साधा निशाना
- lucknow-minister-narendra-kashyap-on-census-2027-and-law-order-up









