
दक्षिण भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राम चरण और जाह्नवी कपूर अभिनीत इस फिल्म का ट्रेलर अब 18 मई को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा। निर्माताओं ने नया पोस्टर जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा की है। पोस्टर में राम चरण का रफ और देसी अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। फिल्म 4 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
नए पोस्टर में दिखा अलग अंदाज
जारी पोस्टर में राम चरण लंबे बाल, घनी दाढ़ी और सिर पर लाल कपड़ा बांधे नजर आ रहे हैं। उनके कंधे पर बैग और हाथ में सामान दिखाई दे रहा है। अभिनेता का यह नया लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। निर्माताओं ने पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि यह कहानी दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक अपनी जगह बनाएगी। फैंस भी राम चरण के इस अलग किरदार को लेकर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि यह फिल्म अभिनेता के करियर की सबसे अलग फिल्मों में शामिल हो सकती है। खबरों के मुताबिक फिल्म के ट्रेलर लॉन्च को लेकर पहले भोपाल में एक भव्य कार्यक्रम की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में निर्देशक बुच्ची बाबू साना, निर्माता वेंकट सतीश किलारु और संगीतकार एआर रहमान भी शामिल हो सकते हैं।
कई भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
‘पेड्डी’ को तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में राम चरण और जाह्नवी कपूर पहली बार साथ नजर आएंगे। इसके अलावा शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। वहीं खबर है कि अभिनेत्री श्रुति हासन फिल्म के एक खास गीत में नजर आ सकती हैं।
मनोरंजन जगत के जानकारों का मानना है कि ‘पेड्डी’ जून 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल हो सकती है। अब दर्शकों की नजर 18 मई पर टिकी है, जब फिल्म की पहली बड़ी झलक सामने आएगी।
यह भी पढ़े: प्यार या पजेसिवनेस? ‘चांद मेरा दिल’ के ट्रेलर ने रिश्तों का दिखाया डरावना सच
- Ram-Charan-powerful-look-creates-a-buzz-Peddi-trailer-to-release-on-May-18











