
बुरहानपुर/ राजवीर सिंह राठौड़: बुरहानपुर जिले के बालवा टेकरी क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान चेतन के रूप में हुई है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ताप्ती नदी किनारे स्थित श्मशान घाट की जमीन में दफना दिया। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जमीन में दबे शव को बाहर निकलवाया गया
मामले की सूचना मिलते ही शिकारपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के दो दोस्तों को अभिरक्षा में लिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस पूछताछ में मिले सुरागों और आरोपियों की निशानदेही के आधार पर सीएसपी गौरव पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम श्मशान घाट पहुंची, जहां जमीन में दबे शव को बाहर निकलवाया गया।
शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया
शव बरामद होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। शव निकलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
फिलहाल पुलिस दोनों नाबालिगों से गहन पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी हुई है। इस घटना ने पूरे बुरहानपुर जिले को झकझोर कर रख दिया है।
- burhanpur-19-year-old-boy-murdered-body-was-buried-in-ground








