
रतलाम: थाना बाजना पुलिस ने हत्या और डकैती के दो अलग-अलग गंभीर मामलों में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन” के तहत की गई। पुलिस के अनुसार पहला मामला 13 अप्रैल का है, जब फरियादी कादर खां अपनी बेटी के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे।
इसी दौरान माही नदी पुल के पास अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर उनसे नगदी, दस्तावेज और आभूषण सहित करीब 20 हजार रुपये से अधिक की लूट की थी। इस मामले में थाना बाजना में अपराध क्रमांक 164/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। दूसरा मामला 14 अप्रैल 2026 का है, जिसमें शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने की बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने सुनील झोड़िया पर चाकू और पत्थरों से हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में थाना बाजना में अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
इन दोनों मामलों में पुलिस ने पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक आरोपी अश्वीन कटारा फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने लगातार मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
ये भी पढ़े – रतलाम पुलिस ने 12 लाख की चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
- ratlam-bajna-police-operation-clean-murder-robbery-accused-arrested-2026








