
लखनऊ/राशिद सिद्दीकी की रिपोर्ट: सऊदी अरब में पवित्र हज यात्रा मुकम्मल करने के बाद उत्तर प्रदेश के हज यात्रियों की वतन वापसी का सिलसिला 1 जून से शुरू होने जा रहा है। चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (लखनऊ एयरपोर्ट) पर पहली हज वापसी फ्लाइट 1 जून की रात 10:15 बजे लैंड करेगी। हज यात्रियों की वापसी का यह सिलसिला आगामी 17 जून तक लगातार जारी रहेगा। वापसी उड़ानों को ध्यान में रखते हुए लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन और उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने यात्रियों को रिसीव करने आने वाले परिजनों के लिए एक विशेष एडवाइजरी और दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
हज समिति और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने हज यात्रियों के परिजनों से अपील की है कि वे कम से कम संख्या में एयरपोर्ट पहुंचें। दरअसल, लखनऊ एयरपोर्ट पर इस समय बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण वहां वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था बेहद सीमित है। एडवाइजरी में परिजनों को सलाह दी गई है कि वे संबंधित उड़ान के निर्धारित समय से केवल 30 मिनट पहले ही एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करें, ताकि वहां अनावश्यक भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा न हो।
वाहनों की सुचारु पार्किंग को लेकर हज समिति ने वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश भी जारी किए हैं। समिति के अनुसार, यदि एयरपोर्ट पर पार्किंग फुल हो जाती है या जरूरत पड़ती है, तो परिजन अपने वाहनों को सरोजनीनगर स्थित हज हाउस परिसर में पार्क कर सकेंगे। इसके साथ ही हज समिति ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि हज यात्रियों की वापसी के दौरान हज हाउस में उनके ठहरने या रुकने की कोई व्यवस्था नहीं की जाएगी, इसलिए परिजनों को नमाजियों को रिसीव करने के बाद सीधे अपने गंतव्य के लिए रवाना होना होगा।
ये भी पढ़े – यूपी में अगले 5 दिनों तक लू से राहत, मौसम विभाग ने जारी किया हीट वेव बुलेटिन; जानिए कब बढ़ेगा पारा
- lucknow-airport-haj-pilgrims-return-flights-starting-from-june-1-advisory-issued








