
शिवपुरी/दीपक अग्रवाल की रिपोर्ट: पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। अहिल्याबाई होलकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कुख्यात डकैत रामबाबू गड़रिया का जिक्र करते हुए ऐसा बयान दिया, जिस पर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा कि उनका और रामबाबू गड़रिया का लंबे समय तक साथ रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों ने “जेल से लेकर जंगल तक का सफर साथ में तय किया” और वे एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी रहे हैं। विधायक के बयान के दौरान मंच और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कुछ लोगों द्वारा “जिंदाबाद” के नारे भी लगाए गए। कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
अपने संबोधन में विधायक ने यह भी कहा कि कठिन परिस्थितियों में दोनों एक-दूसरे के साथ खड़े रहे। हालांकि उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं और विपक्ष इसे मुद्दा बना सकता है। गौरतलब है कि रामबाबू गड़रिया का नाम कभी चंबल और आसपास के इलाकों में सक्रिय रहे कुख्यात डकैतों में लिया जाता रहा है। ऐसे में एक जनप्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक मंच से उसके साथ अपने संबंधों का उल्लेख किए जाने पर बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
ये भी पढ़े – शिवपुरी में आवारा कुत्तों का आतंक: ढाई साल की मासूम बच्ची के चेहरे को जबड़े में जकड़ा, बचाने आए युवक सहित तीन को काटा
- shivpuri-pichhore-mla-pretam-singh-lodhi-dacoit-rambabu-gadariya-video-viral









