
सागर/मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: हर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी और त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने अभूतपूर्व मुस्तैदी दिखाते हुए लूट और हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) के एक बेहद गंभीर मामले का महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। इस त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर मुख्य आरोपियों के साथ-साथ दो नाबालिगों (अपचारी बालकों) को भी अपनी कस्टडी में लिया है। बालिग आरोपियों को पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश करने के बाद अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना 29 मई की रात की है। राजीवनगर वार्ड निवासी भगवानदास उर्फ भावेश राय ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके बड़े भाई घनश्याम राय रात करीब 10 बजे भोजन के बाद टहलने के लिए निकले थे। जब वे संस्कृत विद्यालय के पास स्थित हनुमान मंदिर के सामने पहुंचे, तभी कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उनसे पैसों की मांग की और विरोध करने पर उन्हें धमकाया।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने घनश्याम राय की शर्ट की जेब में रखे दो हजार रुपये लूट लिए। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घनश्याम राय गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतीनगर थाना पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण कायम कर विशेष टीम गठित की। थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश के बाद पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन अहिरवार (21 वर्ष) निवासी काकागंज वार्ड, मोतीनगर तथा चंदन अहिरवार (25 वर्ष) निवासी काकागंज वार्ड, मोतीनगर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। मामले में शामिल दो अपचारी बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, उप निरीक्षक गौरव गुप्ता सहित मोतीनगर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार संचालित किया जाएगा।
ये भी पढ़े – बीना में दिनदहाड़े ऑटो चालक पर हमला, पुलिस सहायता केंद्र के सामने 6 बदमाशों ने बरसाए डंडे
- sagar-motinagar-police-solved-robbery-and-attempt-to-murder-case-within-24-hours








