
लखनऊ/राशिद सिद्दीकी की रिपोर्ट: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को आयुष्मान भारत योजना में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करने में सफलता मिली है। एसटीएफ ने ऐसे संगठित गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो अनधिकृत तरीके से हजारों अपात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाकर सरकार को भारी राजस्व क्षति पहुंचा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेरू उर्फ अभिषेक उर्फ अजय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरदोई का निवासी है और वर्तमान में लखनऊ के तालकटोरा क्षेत्र में रह रहा था।
कैसे करता था फर्जीवाड़ा?
एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके साथी दूसरे लोगों की फैमिली आईडी में ओटीपी प्रक्रिया को बाईपास कर अवैध रूप से नए सदस्यों को जोड़ देते थे। इसके बाद आईएसए कार्यान्वयन सहायता एजेंसी और एसएचए राज्य स्वास्थ्य एजेंसी पीएमजेएवाईके माध्यम से आयुष्मान कार्ड को मंजूरी दिलाई जाती थी।
कार्ड बनने के बाद अपात्र व्यक्तियों का इलाज आयुष्मान योजना के तहत कराया जाता था, जिससे सरकारी खजाने पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता था और योजना का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचने में बाधा उत्पन्न होती थी।
लखनऊ से हुई गिरफ्तारी
एसटीएफ ने आरोपी को सीएससी बजरंग विहार, बुद्धेश्वर, थाना पारा क्षेत्र, लखनऊ से गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से कई फर्जी और कूटरचित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग आयुष्मान कार्ड बनाने और सत्यापन प्रक्रिया में किया जाता था।
बड़े नेटवर्क की आशंका
प्रारंभिक जांच में यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं दिखाई दे रहा है। एसटीएफ को आशंका है कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जो विभिन्न जिलों में फर्जी आयुष्मान कार्ड बनवाकर सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग कर रहा था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अब तक कितने कार्ड फर्जी तरीके से स्वीकृत कराए गए और इससे सरकार को कितनी आर्थिक क्षति हुई।
कई लोगों पर गिर सकती है गाज
एसटीएफ अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर उन लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिन्होंने कार्ड स्वीकृत कराने, दस्तावेज तैयार करने और सिस्टम का दुरुपयोग करने में सहयोग किया। जांच में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
योजना की विश्वसनीयता पर सवाल
आयुष्मान भारत जैसी महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के लिए बनाई गई है। ऐसे में फर्जी कार्ड बनाकर योजना का दुरुपयोग करने वाले गिरोह न केवल सरकारी धन को नुकसान पहुंचाते हैं बल्कि वास्तविक लाभार्थियों के अधिकारों पर भी चोट करते हैं। एसटीएफ की यह कार्रवाई ऐसे नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
- lucknow-stf-busted-ayushman-card-scam-member-arrested








