
डबरा/भरत रावत की रिपोर्ट: भितरवार में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है, जहां थाने के सामने ही एक युवक के साथ खुलेआम मारपीट की घटना हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रावत समाज के तीन युवकों ने एक युवक को जमीन पर पटककर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोप है कि हमलावर उसे अधमरा हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना थाने के ठीक सामने हुई, जिससे पुलिस की मौजूदगी और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। विवाद बीते दिन एक होटल पर हुए रावत समाज के दो गुटों के बीच हुए झगड़े से जुड़ा हुआ है। उसी विवाद में बीच-बचाव करने आए युवक को निशाना बनाकर मारपीट की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक महीने में भितरवार क्षेत्र में गुंडागर्दी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ दिनों पहले मुख्य बाजार में एक सैलून में कटिंग करा रहे युवक पर हमला किया गया था, और इसी दौरान फायरिंग की घटना भी हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़े – डबरा देहात थाना: आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने किया औचक निरीक्षण, आईपीएस प्रशिक्षु मनोज कुमार की कार्यशैली की सराहना
- gwalior-bhitwar-thana-marpeet-video-viral-law-and-order-question








