
रतलाम/आषीश शर्मा की रिपोर्ट: जिले में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ावदा स्थित सांवरिया वाटर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लांट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गुणवत्ता परीक्षण के लिए पानी के नमूने एकत्र किए।
संयुक्त निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल एवं पीएचई विभाग के एसडीओ इरफान अली शामिल रहे। टीम ने प्लांट में संचालित गतिविधियों की जांच की और दस्तावेजों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर खाद्य पंजीयन प्रमाण-पत्र उपलब्ध पाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पानी का नमूना लेकर उसे गुणवत्ता एवं मानक स्तर की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्लांट संचालक को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा खाद्य पंजीयन प्रमाण-पत्र को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में समय-समय पर पेयजल इकाइयों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यदि जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े – रतलाम पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान, धराड़ चौकी में दिया गया सीपीआर प्रशिक्षण और जागरूकता संदेश
- ratlam-food-safety-and-phe-team-inspects-sanwariya-water-plant








