
उमरिया/राकेश दर्दवंशी की रिपोर्ट: जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से उमरिया पुलिस ने शहर के ढाबा संचालकों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी के निर्देशन में थाना कोतवाली परिसर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पी.एस. परस्ते ने की। बैठक में थाना प्रभारी मदन लाल मरावी, यातायात थाना प्रभारी ज्योति शुक्ला तथा नगर क्षेत्र के विभिन्न ढाबा संचालक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ढाबा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति को ढाबे पर शराब उपलब्ध नहीं कराई जाए। साथ ही ढाबों के सामने अथवा राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग पर ट्रक, बस या अन्य भारी वाहनों की पार्किंग नहीं कराई जाए, क्योंकि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और यातायात बाधित होता है। अधिकारियों ने कहा कि सभी वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित स्थानों पर ही कराई जाए।
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी ढाबों में परिसर और बाहरी हिस्से में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उन्हें हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा ढाबे में कार्यरत सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने को भी अनिवार्य बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
बैठक में रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने, नशे की हालत में वाहन चलाने वाले लोगों को वाहन चलाने से रोकने और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की भी समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ढाबा संचालकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बैठक के अंत में सभी ढाबा संचालकों ने पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया और सड़क सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की सहमति व्यक्त की। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े – उमरिया में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई अर्टिगा कार, 4 की मौके पर मौत, महिला गंभीर
- umaria-dhaba-operators-meeting-road-safety-police-guidelines-highway-traffic-rules







