
रीवा/ अरविंद तिवारी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रशासन को गांवों तक पहुंचाने और शासन की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने गुरुवार रात त्योंथर तहसील के दूरस्थ एवं सीमावर्ती गांव कूड़ी में चौपाल लगाई। खास बात यह रही कि कलेक्टर अधिकारियों के साथ नॉन-एसी बस से गांव पहुंचे और शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में बरगद के पेड़ के नीचे ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
समय-सीमा में निराकरण कराया जाएगा
चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए भरोसा दिलाया कि सभी आवेदनों का तय समय-सीमा में निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में यदि कहीं कोई बाधा है तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा।
समस्याओं का समय पर समाधान
चौपाल के दौरान गांव की छात्रा दिव्या सिंह ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार कोई कलेक्टर गांव पहुंचा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि अधिकारी नियमित रूप से गांवों का दौरा करें तो लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान होगा और योजनाओं का लाभ बेहतर तरीके से मिलेगा।
अन्य योजनाओं की भी जानकारी
कलेक्टर ने स्कूल का निरीक्षण कर बच्चों से पढ़ाई की जानकारी ली और पहाड़े भी सुने। शिक्षा व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर उन्होंने स्कूल भवन की मरम्मत के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, टीकाकरण, टेक होम राशन और अन्य योजनाओं की भी जानकारी ली।
मीटर लगाने के निर्देश
ग्रामीणों ने बिजली की खराब व्यवस्था, क्षतिग्रस्त केबल, झुके हुए बिजली के खंभे और मीटर नहीं लगने की समस्या उठाई। इस पर कलेक्टर ने बिजली विभाग को तत्काल सुधार कार्य कराने और गांव में शिविर लगाकर मीटर लगाने के निर्देश दिए।
कार्रवाई करने के निर्देश
राजस्व मामलों में सीमांकन, बंटवारा और अन्य लंबित प्रकरणों पर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए लापरवाही पर सख्त चेतावनी भी दी। उन्होंने दो मामलों में अवैध कब्जा हटाने के लिए एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर ही निर्देश दिए।
अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश
चौपाल के दौरान 20 ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र और चार हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति का लाभ भी प्रदान किया गया। खाद्यान्न पर्ची, अधूरी नगर योजना, हैंडपंपों के पानी की गुणवत्ता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित
इस अवसर पर एसडीएम त्योंथर राकेश कुमार चौरसिया, सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक अनिल दुबे, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश तांडेकर, जनपद सीईओ प्रवीण बसोड़ सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: http://भोपाल: दतिया उपचुनाव के चलते टली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, नई तारीख जल्द
- Rewa Collector Night Chaupal















