
भोपाल। आदि मिश्रा |राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में भारतीय मजदूर संघ के संरक्षण में उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े अतिथि विद्वानों और कर्मचारियों का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कमेटी की सिफारिशों पर हो रहा परीक्षण
कार्यक्रम के दौरान लंबे समय से लंबित अतिथि विद्वानों की मांगों को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार अतिथि विद्वानों के हितों को लेकर गंभीर है और उनकी मांगों के संबंध में गठित समिति की सिफारिशों का परीक्षण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा व्यवस्था में अतिथि विद्वानों की अहम भूमिका
मंत्री परमार ने कहा कि प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अतिथि विद्वानों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सरकार सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखकर संतुलित और सकारात्मक निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने भी रखा अपना पक्ष
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में सुधार और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
आश्वासन के बाद बढ़ी उम्मीदें
कार्यक्रम के बाद अतिथि विद्वानों ने सरकार के आश्वासन पर संतोष जताया और उम्मीद व्यक्त की कि उनकी लंबित मांगों पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
यह भी पढ़े: भोपाल: प्रीतम लोधी के बेटे को फरार घोषित किए जाने पर कांग्रेस का हमला, सज्जन सिंह वर्मा ने उठाए सवाल
- guest-faculty-demands-mp-government-assurance-inder-singh-parmar-statement










