
दमोह/ आकिब खान: दमोह जिले के रनेह थाना से पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए डॉक्टर को पुलिस ने शनिवार सुबह टीकमगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रनेह थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए दो पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
धारा 24 के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय लीलाधर चौधरी निवासी बमनपुरा, थाना पटेरा के रूप में हुई है। आरोपी पर दो माह पहले गलत इलाज के कारण एक नाबालिग बच्ची की मौत होने का आरोप है। इस मामले में परिजनों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 तथा मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।
अभिरक्षा से फरार
बताया गया कि मंगलवार तड़के करीब 4 बजे आरोपी रनेह थाने से पुलिस को चकमा देकर अभिरक्षा से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थीं।
कारण बताओ नोटिस जारी
इस मामले में लापरवाही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने एचसीएम शिवराज सिंह, ड्यूटी ऑफिसर केवल नारायण मिश्रा और बंदी सुरक्षा में तैनात आरक्षक श्रीराम प्रजापति को निलंबित कर दिया है। वहीं थाना प्रभारी चंदन सिंह और विवेचक एएसआई मुफीस अहमद को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
रिमांड पर लेने की प्रक्रिया
एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर रनेह थाना लाया गया है, जहां नवागत एसडीओपी कृष्णपाल सिंह उससे पूछताछ कर रहे हैं। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़ें: http://गुना में मुस्लिम समाज ने नाज़िया इलाही के कथित बयान पर जताया विरोध, एसपी को सौंपा ज्ञापन
- damoh-raneh-custody-escape-accused-arrested-tikamgarh










