
पिछोर/भरत रावत की रिपोर्ट: क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पिछोर थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बरगवां तिराहे के पास संचालित हो रहे जुआ अड्डे पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर मौजूद जुआरी खेतों और कच्चे रास्तों का फायदा उठाकर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। हालांकि, जल्दबाजी में वे अपने कई वाहन मौके पर ही छोड़ गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत ने बताया कि पुलिस क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बरगवां तिराहे के पास बड़ी संख्या में लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पिछोर थाना पुलिस और गजोरा पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी गई। पुलिस के अनुसार, जैसे ही जुआरियों ने दूर से पुलिस के वाहन आते देखे, वे खेतों और ग्रामीण क्षेत्र के दुर्गम रास्तों का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और अंधेरे का फायदा उठाकर सभी आरोपी भागने में सफल रहे।
दबिश के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर कई दोपहिया और अन्य वाहन लावारिस हालत में खड़े मिले। काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद कोई भी व्यक्ति वाहन का दावा करने या उसके वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने सभी संदिग्ध वाहनों को पुलिस एक्ट की धारा 25 के तहत जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रख लिया। पुलिस अब जब्त किए गए वाहनों के पंजीयन और स्वामित्व की जांच कर रही है। साथ ही मुखबिरों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से फरार जुआरियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत ने कहा कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े – डबरा में 24 घंटे के भीतर फायरिंग कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; कट्टा और कारतूस बरामद
- pichhore-police-raid-illegal-gambling-den-gamblers-flee-abandon-vehicles-seized










