
छतरपुर/अमित अवस्थी की रिपोर्ट: शहर में सोमवार को ला कैपिटल होटल के सामने एक बस कंडक्टर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यात्रियों से भरी बस के सामने हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल कंडक्टर को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, ला कैपिटल होटल के सामने किसी बात को लेकर बस कंडक्टर और एक युवक के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी युवक ने धारदार हथियार निकालकर कंडक्टर पर हमला कर दिया। हमले में कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान बस में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। अचानक हुए हमले से यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवाद के कारणों की जांच की जा रही है तथा आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- bus-conductor-attacked-with-sharp-weapon-after-dispute-in-chhatarpur-accused-on-the-run








