
सागर/ मनीष कुमार चौबे: मध्यप्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर स्थित बम्होरी बीका के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप रविवार को एक हाइवा और कंटेनर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि हाइवा का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से केबिन को खींचकर चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। केबिन बुरी तरह पिचक जाने के कारण चालक को निकालना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की सहायता से क्षतिग्रस्त हिस्से को खींचकर चालक को बाहर निकाला। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
स्पीड ब्रेकर पर रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि बम्होरी बीका के निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास पिछले कुछ समय में यह छठी या सातवीं बड़ी दुर्घटना है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक नहीं होने के कारण तेज रफ्तार वाहन चालकों को समय रहते जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति बनती है और हादसे हो रहे हैं।
अचानक ब्रेक लगाने की वजह
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि ओवरब्रिज के पास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे भारी वाहनों का संतुलन बिगड़ जाता है। दुर्घटनाग्रस्त हाइवा भी निर्माण कार्य में उपयोग होने वाला मटेरियल लेकर जा रहा था। भारी वजन और अचानक ब्रेक लगाने की वजह से वह आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गया।
भविष्य में और गंभीर हादसे
लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और प्रशासन से इस स्थान का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने, सड़क के गड्ढे भरने, रिफ्लेक्टर, ब्लिंकर्स और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में और गंभीर हादसे हो सकते हैं।
मामले की जांच शुरू
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: http://मध्य प्रदेश में UCC लागू करने की तैयारी तेज, मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपी गई अंतिम रिपोर्ट
- nh44-bamhori-bika-accident-hiwa-container-collision-sagar








