
गुना/ मोहित सोनी: बमोरी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत झागर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9 में नवीन प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को शासन की योजना के तहत निशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र भार्गव, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
साइकिल बड़ी सुविधा साबित होगी
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य नरेंद्र भार्गव ने कहा कि शासन की छात्र हितैषी योजनाओं का लाभ लगातार विद्यार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दूर-दराज के गांवों से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों के लिए साइकिल बड़ी सुविधा साबित होगी। इससे उनका समय बचेगा, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।
शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने छात्रों से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने और पूरी मेहनत के साथ अध्ययन कर बेहतर भविष्य बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के लिए निशुल्क साइकिल, पाठ्यपुस्तक और छात्रवृत्ति सहित कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई और विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।
विद्यार्थियों के लिए उपयोगी कदम
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने साइकिल मिलने पर खुशी जताई, जबकि अभिभावकों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए उपयोगी कदम बताया।
यह भी पढ़ें: http://मध्य प्रदेश में UCC लागू करने की तैयारी तेज, मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपी गई अंतिम रिपोर्ट
- free-bicycle-distribution-class-9-students-jhagar-school-bamori-guna










