
दतिया/संतोष चंसौलिया की रिपोर्ट: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना डीपार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले ₹10 हजार के इनामी बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही अप्रैल माह में हुई लूट की वारदात का भी खुलासा हो गया है।
पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल के निर्देश पर जिलेभर में बदमाशों और फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सेवढ़ा अजय चानना के नेतृत्व में थाना डीपार पुलिस ने 13 जुलाई को कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
ये भी पढ़े – दतिया: पंचायत की लापरवाही से कीचड़ में तब्दील हुईं मेवली की गलियां, ग्रामीण परेशान
पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को फरियादी मनजीत रजक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल की रात सेवढ़ा-मऊ रोड स्थित पांचाली खदान के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे और उसके साथी छोटू कुशवाह को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने मनजीत रजक की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा छोटू कुशवाह का मोबाइल, पर्स और तीन हजार रुपये नकद लूट लिए थे। मामले में थाना डीपार में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) तथा एमपीडीपीके एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक यादवेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना और लगातार की गई तलाश के आधार पर पुलिस ने आरोपी बृजेश उर्फ बग्गे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अंकित चौधरी, यादव अनिल मांझी तथा एक अपचारी बालक के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमो के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात से संबंधित एक हजार रुपये नकद बरामद किए। साथ ही आरोपी को अवैध हथियार (कट्टा) सहित गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक यादवेंद्र सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक सियाराम गोड, प्रधान आरक्षक राघवेन्द्र, रामकेश बघेल, आरक्षक निजाम खान, ईशुराज सिंह सोलंकी, अनुपेंद्र सिंह, शैलेन्द्र गिरी, प्रमोद गोयल, देवेंद्र गुर्जर, रविंद्र कुशवाह तथा साइबर सेल के आरक्षक वीरेंद्र और शुभम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़े – दतिया: समय से पहले बंद मिले नहला के दो आंगनबाड़ी केंद्र, जांच के निर्देश
- datia-deepar-police-arrested-10000-rewarded-robber-with-illegal-weapon








