
टीकमगढ़/दित्यपाल राजपूत की रिपोर्ट: जिले के पलेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बन्ने बुजुर्ग में 20 दिन की एक नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्ची की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले में पुलिस ने नवजात की दादी को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोप है कि परिवार में बेटी के जन्म से नाराज होकर वारदात को अंजाम दिया गया, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पलेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।घटना के सामने आने के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी मासूम बच्ची की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदार व्यक्ति के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। पलेरा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
- tikamgarh-palara-20-day-old-newborn-girl-found-dead-grandmother-accused-police-investigation-underway










