
भिंड/रामपाल सिंह कुशवाह: जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ विशेष अभियान चलाया। 17 और 18 जुलाई 2026 की दरमियानी रात ग्राम बछरेटा, तहसील अमायन में अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 6 ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, एक लोडर मशीन और लगभग 345 घनमीटर अवैध रेत जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से बिना अनुमति अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा था। मौके पर रेत भरने में उपयोग की जा रही एक लोडर मशीन को भी जब्त किया गया। सभी जब्त वाहन एवं मशीन को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस थाना अमायन की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
संयुक्त अभियान में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मेहगांव, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मेहगांव, तहसीलदार मेहगांव, थाना प्रभारी अमायन सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई के बाद पुलिस थाना अमायन में एफआईआर क्रमांक 38/2026 दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 302(2) एवं 317(5) के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जांच के दौरान सर्वे नंबर 513, 514 और 468/2 पर अवैध रूप से भंडारित करीब 345 घनमीटर गौण खनिज रेत भी जब्त की गई। जब्त रेत का पंचनामा तैयार कर उसे रामवीर सिंह, निवासी ग्राम खेरिया सिंध की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया है। प्रशासन ने बताया कि मामले में मध्यप्रदेश गौण खनिज नियम, खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े – विशेष लोक अदालत में 35 चेक बाउंस मामलों का हुआ समझौते से निराकरण, ₹11.82 करोड़ की राशि पर बनी सहमति
- illegal-sand-mining-crackdown-in-bhind-6-tractor-trolleys-loader-and-345-cubic-meter-sand-seized










