
गुना/मोहित सोनी की रिपोर्ट: जिले के बमोरी स्थित अनुसूचित जाति छात्रावास को लेकर एक गंभीर शिकायत सामने आई है। छात्रावास में अध्ययनरत एक छात्रा का 11वीं कक्षा के बाद नाम काट दिए जाने, छात्रावास अधीक्षिका के नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहने और शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं होने का मामला अब सीएम हेल्पलाइन तक पहुंच गया है।
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के अनुसार, बमोरी निवासी रचना भील ने आरोप लगाया है कि बमोरी छात्रावास में 12वीं कक्षा के बाद उनका नाम छात्रावास से हटा दिया गया। छात्रा का कहना है कि जब भी वह अपनी समस्या लेकर छात्रावास पहुंचती हैं, तो वहां अधीक्षिका हेमलता मौजूद नहीं मिलतीं और केवल चौकीदार ही उपलब्ध रहता है। इसके कारण उन्हें अपनी समस्या के समाधान के लिए लगातार परेशान होना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि छात्रावास स्तर पर समस्या बताने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें सीएम हेल्पलाइन का सहारा लेना पड़ा।
15 जुलाई को दर्ज हुई शिकायत, अब भी नहीं हुआ निराकरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा द्वारा यह शिकायत 15 जुलाई 2026 को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग को प्रकरण भेजा गया, लेकिन शिकायत की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 17 जुलाई 2026 तक शिकायतकर्ता ने समस्या का निराकरण नहीं होने की बात कही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई या समाधान उपलब्ध नहीं कराया गया है।
छात्रावास व्यवस्था पर उठे सवाल
इस मामले ने अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के छात्रावासों की व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्राओं को अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए यदि बार-बार शिकायत करनी पड़े और सीएम हेल्पलाइन तक पहुंचने के बाद भी कार्रवाई लंबित रहे, तो विभागीय जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
ये भी पढ़े – गुना के राघोगढ़ के लाल ने NEET 2026 में लहराया परचम, बिना कोचिंग शिवप्रताप यादव ने हासिल की सफलता
- guna-bamori-sc-hostel-student-name-removed-cm-helpline-complaint-pending









