
शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: छात्र छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बामोरकलां पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना क्षेत्र में स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास मनचलों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
स्कूल कॉलेजों के आसपास बाइक से चक्कर लगाने वालों पर नजर
थाना प्रभारी संजय लोधी के नेतृत्व में पुलिस टीम शिक्षण संस्थानों और कोचिंग सेंटरों के आसपास लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। पुलिस को शिकायतें मिली थीं कि कुछ युवक तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक से स्कूल-कॉलेजों के आसपास चक्कर लगाते हैं और छात्राओं को परेशान करते हैं।
शिकायतों के बाद पुलिस ने ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर है।
नशे और साइबर अपराध को लेकर भी जागरूकता
यह भी पढ़े: https://brandwaani.in/supreme-court-seeks-cbse-reply-over-gulf-students-withheld-class-12-result/
15 जुलाई से 30 जुलाई तक चल रहे “नशे से दूरी” अभियान के तहत पुलिस विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सावधानी और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपायों की जानकारी भी दी जा रही है।
यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस की नजर
पुलिस द्वारा बाजारों और मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और शिक्षण संस्थानों के आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में मनचलों या असामाजिक तत्वों द्वारा छात्राओं को परेशान किए जाने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
- bamorkalan-police-action-school-college-girls-safety-monitoring-shivpuri











